logo

हर घर तिरंगा" बनेगा जनआंदोलन: तीन चरणों में होगा भव्य आयोजन – जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला

Blog single photo

"हर घर तिरंगा" बनेगा जनआंदोलन: तीन चरणों में होगा भव्य आयोजन – जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला

अंबेडकरनगर

 आज़ादी के अमृत काल में राष्ट्रभक्ति की अलख को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से "हर घर तिरंगा" कार्यक्रम को इस वर्ष जिले में अभूतपूर्व स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देशन में यह अभियान तीन चरणों में संपन्न होगा, जिसमें शिक्षण संस्थान से लेकर शासकीय भवनों तक और शहर से गांव तक तिरंगे का परचम लहराएगा।

पहला चरण (अब तक जारी - 08 अगस्त 2025 तक)

विद्यालयों और कॉलेजों में तिरंगा प्रेरित रंगोली, चित्रकला, प्रदर्शनी और राखी निर्माण कार्यशालाएं आयोजित हो रही हैं। स्कूलों की दीवारों और बोर्डों को देशभक्ति के रंग में रंगा जा रहा है। उद्देश्य है—बचपन से ही राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूती देना।

दूसरा चरण (09 से 12 अगस्त 2025)

इस चरण में "तिरंगा महोत्सव" के तहत वृहद तिरंगा मेला लगाया जाएगा। नागरिक हर घर तिरंगा पोर्टल पर तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करेंगे। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में तिरंगा यात्राएं, रैलियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें आमजन, युवा और स्कूली छात्र-छात्राएं बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।

तीसरा चरण (13 से 15 अगस्त 2025)

15 अगस्त से पहले जिले के सभी शासकीय भवनों, शिक्षण संस्थानों, पंचायत भवनों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और पुलों पर ध्वजारोहण किया जाएगा। रात में राष्ट्रीय रंगों की रोशनी से जिले को जगमगाया जाएगा। यह चरण आजादी के उत्सव को चरम पर ले जाएगा।

डीएम का स्पष्ट संदेश: कोई कोताही नहीं, हर जिम्मेदारी तय

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को कार्यक्रमों की समयबद्ध एवं प्रभावशाली क्रियान्वयन का आदेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि 15 अगस्त को हर सरकारी और निजी कार्यालय, समिति व प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराना अनिवार्य है।साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि www.harghartiranga.com पर तिरंगे के साथ अपनी भागीदारी दर्ज करें।तिरंगा सिर्फ झंडा नहीं, यह सम्मान है, शान है और हिंदुस्तान की जान है।इस बार तिरंगा हर घर नहीं, हर दिल पर लहराएगा...!

footer
Top