विद्युत कटौती के विरोध प्रदर्शन में सुलतानपुर भाजपा विधायक के खिलाफ जमकर लगा मुर्दाबाद का नारा, खूब होरही फजीहत।
सुलतानपुर, सहयोग मंत्रा। शहर में 14 घंटे बिजली मिलना टेढ़ी खीर बना है। स्थानीय विधायक कह रहे कि गर्मी में रहने की आदत डालो। ऐसे में बुधवार को समाजवादी पार्टी प्रशासन के निकम्मेपन और और विधायक के गैर जिम्मेदाराना बयान के विरुद्ध शहर की सड़कों पर उतर आई। जिससे विधायक खेमे में बेचैनी साफ देखी गई। बस स्टॉप से कलेक्ट्रेट तक बड़ी संख्या में सपाई नारेबाजी करते हुए निकले। सपाइयो ने हाथ से चलाने वाले पंखे प्रदर्शन में हाथों में ले रखे थे। सपाइयो ने भाजपा विधायक मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। सपाई काफी आक्रमक थे, उनकी ओर से नारे लगाए जा रहे थे, बोला जवानों हल्ला बोल, हल्ला बोल-हल्ला बोल। 'सपाइयों ने हाथों में पम्पलेट ले रखा था, जिस पर लिखा था हम बोलेगे नहीं, बल्कि गर्मी सहने की आदत डालेंगे।' यह क्षेत्र के विधायक पर तंज था, चार दिन पूर्व उन्होंने जनता दरबार में बिजली की शिकायत लेकर पहुंचे घर सुल्तानपुर फाउंडेशन को जवाब दिया था गर्मी सहने की आदत डालो और ज्यादा नेतागिरी मत करो। वही एक ज्ञापन भी सिटी मजिस्ट्रेट विदुषी सिंह को सपाइयों की ओर से सौंपा गया है। सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व विधायक अनूप संडा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि पूरा क्षेत्र और जनपद बिजली कटौती से परेशान है।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को उठाना अगर साजिश है, तो वे यह साजिश करने के लिए तैयार हैं। संडा ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा आम जनता के मुद्दों के लिए लड़ती रही है। गोलाघाट से कटका मार्ग के चौड़ीकरण पर भी उन्होंने सवाल उठाए। एक तरफ 64 फीट और दूसरी तरफ 8 फीट का चौड़ीकरण होने पर व्यंग्य करते हुए उन्होंने इसे डबल इंजन का विकास बताया। संडा ने नगर पालिका पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका भ्रष्टाचार में लिप्त है। शहर में सफाई व्यवस्था का अभाव है। कमीशनखोरी और छुट्टा जानवरों की समस्या भी है। उन्होंने इन सभी को सुल्तानपुर नगर पालिका के प्रतीक चिह्न बताया। प्रदर्शन में अशोक सिंह बिसेन,सपा महासचिव सलाउद्दीन, वरिष्ठ सपा नेता मकसूद आलम, रामप्रकाश मौर्या, पृथ्वीपाल यादव, ज्ञान प्रकाश यादव सहित सैकड़ों सपाई मौजूद रहे।
.........................
अघोषित विद्युत कटौती के लिए आप पार्टी ने किया प्रदर्शन
सुलतानपुर, सहयोग मंत्रा। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच लंबी बिजली कटौती के विरोध में आम आदमी पार्टी ने प्रदेशव्यापी प्रदर्शन किया। इस क्रम में बुधवार को सुलतानपुर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को सम्बोधित मांग पत्र जिलाध्यक्ष के माध्यम से सिटी मजिस्ट्रेट विदुषी सिंह को दिया है।

जिलाध्यक्ष ने कहा प्रदेश के कई जिलों में 10 से 12 घंटे तक बिजली कटौती की जा रही है। इससे आम जनता का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। घरों में पानी की सप्लाई बाधित है। बच्चों की पढ़ाई और व्यवसायिक गतिविधियां ठप हैं।किसानों को फसलों की सिंचाई में परेशानी हो रही है। इससे फसलें खराब हो रही हैं और आय प्रभावित हो रही है। सरकार समस्या का समाधान करने की बजाय बिजली दरों में वृद्धि कर रही है। निजी कंपनियों को मीटर रीडिंग का ठेका दिया गया है। ये कंपनियां वास्तविक रीडिंग न लेकर गलत बिल बना रही हैं। इससे लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि योगी सरकार प्रदेश की जनता को बुनियादी सुविधाओं से वंचित कर रही है। बिजली कटौती और निजी कंपनियों की मनमानी पर सरकार का रवैया उदासीन है। प्रदर्शन में बौद्ध प्रांत सचिव मोहम्मद अख्तर, जिलाध्यक्ष एडवोकेट सुरेश गौतम, पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेश प्रजापति, पूर्व जिलाध्यक्ष मकसूद अंसारी, अनिल कोरी, अरविंद यादव अजय श्रीवास्तव, पूनम श्रीवास्तव, भास्कर देव मिश्रा, वसीद अहमद समेत जिले के सैकड़ो कार्यकर्ता इस अनियमित बिजली कटौती के विरोध में उतरे थे।
- ब्यूरो रिपोर्ट