logo

Pratapgarh News : शीतलहर की चपेट में बेल्हा, दिनभर नहीं निकली धूप

Blog single photo

शाम होते ही कोहरा, रात का तापमान 1.3 डिग्री लुढ़ककर 5.2 पहुंचा

पारा और लुढ़का, गलन से दिन में भी छूटी कंपकंपी

सहयोग मंत्रा प्रतापगढ़- बेल्हा में सर्दी का सितम जारी है। शीतलहर के बीच शुक्रवार को भी सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। रात के तापमान में वृद्धि हुई। शीतलहर चलने से गलन बरकरार है। शाम होते ही कोहरा शुरू हो गया।

जिले में जारी शीतलहर गुरुवार शाम बढ़ी तो देर रात तक गुलजार रहने वाले बाजार में सन्नाटा पसर गया। रात में तापमान 1.3 डिग्री लुढ़ककर 5.2 पहुंच गया। बुधवार रात का तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शुक्रवार सुबह कोहरे का असर जल्द खत्म हो गया, लेकिन पूरे दिन धूप नहीं निकली। अधिकतम तापमान में 0.5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 13.0 डिग्री रहा। यह गुरुवार को 12.5 डिग्री सेल्सियस था। गलन के बीच रामलला के नूतन विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर लोगों में उत्साह दिखा लेकिन बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। दोपहर में भी लोग गलन के कारण अलाव के किनारे बैठे दिखे। शाम होते ही गलन से परेशान लोग घरों में कैद हो गए। दिन में हाल यह रहा कि दुकानों के बाहर, चौराहे पर जल रहे अलाव के पास लोगों की भीड़ जमा रही। शहर में छुट्टा मवेशी भी ठंड में ठिठुर रहे हैं। जहां अलाव जल रहे वहीं पहुंच जा रहे हैं।

अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की संख्या

 जिले में सप्ताह भर से जारी शीतलहर व कड़ाके की ठंड ने बच्चों और बुजुर्गों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी से निजी चिकित्सालयों तक मरीजों की भीड़ लग रही है। मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. मनोज खत्री का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह ठंड बेहद घातक है। ऐसे में बाहर निकलने से बचें। गर्म पेय पदार्थ देते रहना चाहिए।

- पवन कुमार/ राकेश शर्मा

footer
Top